
आ स. संवाददाता
कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर घाटमपुर स्थित नेयवली पावर प्लांट पहुंचे। उन्होंने कंट्रोल यूनिट समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली। नेयवली पावर प्लांट में 660 मेगावाट की तीन यूनिट से बिजली का उत्पादन होगा।
पहली यूनिट 13 दिसंबर 2024 को शुरू हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को कानपुर आ रहे हैं। इस दौरान वे पावर प्लांट का विधिवत उद्घाटन कर सकते हैं।
सीएम योगी दोपहर 12:52 बजे प्लांट पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री 25 मिनट तक प्लांट में रहे। इसके बाद वे पनकी पावर प्लांट के लिए रवाना हो गए।
घाटमपुर प्लांट के मुख्य द्वार पर सीआईएसएफ कर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। सीआईएसएफ कर्मी कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेन्द्र पासवान की सूची के अनुसार ही कार्यकर्ताओं को अंदर जाने दे रहे थे। सूची में नाम न होने के कारण कई कार्यकर्ताओं को वापस लौटना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद 660 मेगावाट पनकी तापीय विस्तार परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पनकी तापीय परियोजना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उक्त परियोजना की उत्पादन क्षमता 660 मेगावाट तथा कुल लागत 8305.16 करोड़ रूपये है तथा परियोजना का क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।