July 1, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
यूपी में मानसून की एंट्री का समय बेहद नजदीक आ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 जून तक कानपुर में मानसून की एंट्री हो जाएगी। वहीं आज भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि मंगलवार सुबह से धूप निकली हुई थी। बादलों की आवाजाही भी बनी हुई थी।
सुबह आसमान में घने काले बादल छाए थे, लेकिन वो बिना बरसे ही निकल गए। तापमान में तो गिरावट आई पर उमस ने बेहाल कर दिया। नमी अधिक रहने से लोग दिनभर परेशान रहे। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर समेत 40 जिलों में कल आंधी-पानी का यलो अलर्ट रहेगा।
प्रदेश पांच विक्षोभों व परिसंचरण से घिरा हुआ है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी आ रही है। इस कारण गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। प्रदेश के कई ऐसे क्षेत्र जहां तापमान अधिक रहे हैं वहां बारिश या तो नहीं हो रही है या नाममात्र की हो रही है।

कानपुर में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री से गिरकर 36.5 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। न्यूनतम पारा 25.8 डिग्री से बढ़कर 27.8 पहुंच गया। तापमान भले ही कम हैं लेकिन उमस भरी गर्मी बनी हुई है।
नमी का अधिकतम प्रतिशत 80 पहुंच गया था। विशेष बात यह है कि न्यूनतम नमी भी 60 फीसदी रही। इतनी अधिक नमी में तापमान 36.5 डिग्री रहने से हीट इंडेक्स यानी गर्मी का अहसास 58 रहा। यह इंडेक्स भी रेड जोन में माना जाता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून के प्रदेश में 21 से 25 जून तक पहुंचने की संभावना है पर बीच-बीच में बाधाएं अधिक आ रही हैं। मानसून से पूर्व कहीं अत्यधिक वर्षा हो रही है तो कहीं नहीं हो रही है। मौसम विभाग ने वैसे तो 21 तक यलो अलर्ट जारी किया है, लेकिन 19 जून को अधिक संभावना जताई है।