October 18, 2024

कीमत 25 करोड़ बताकर, बोले-मोदी भी लेते हैं इससे थेरेपी।

कानपुर। नगर में ठगो ने ठगी का नया तरीका अपनाया है जिसमें बूढ़ों को जवान बनाने का सपना दिखाकर बूढ़ों और अधेड़ों से करोड़ों रुपए ठग लिए। जालसाज राजीव और रश्मि ने लोगों को इजराइल के वैज्ञानिकों द्वारा बनाई गई टाइम मशीन द्वारा उम्र कम करने और जवान बने रहने का दावा करते हुए करोड़ो रुपए ठगे है। जालसाजी के लिए राजीव और रश्मि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक के नाम का भी इस्तेमाल करते थे। जिम में आने वाले लोगों से पूछते थे कि मोदीजी इतने ऊर्जावान कैसे रहते हैं? 24 में से 20 घंटे काम कैसे करते हैं? उनका चेहरा हमेशा ग्लो करता है। इसके पीछे इजराइल की टाइम मशीन का कमाल है। ऑक्सीजन थेरेपी लेकर मोदीजी ने अपनी उम्र घटा ली है। जिम चलाने वाले दंपती ने जवान बनाने का झांसा देकर 50 हजार से 2 लाख रुपए तक ठगे। नेटवर्क मार्केटिंग के फंडे पर 500 से ज्यादा लोगों को जोड़ा। इजराइल की टाइम मशीन से इलाज भी कर दिया। इनमें कई केस ऐसे हैं, जिनके चेहरे जल गए हैं। सफेद निशान पड़ गए हैं। मामला सामने आने पर पता चला कि ठग दंपती जिस मशीन को इजराइल की टाइम मशीन बता रहे थे। वह 25 करोड़ की नहीं, सिर्फ 2.5 लाख रुपए का कबाड़ जोड़कर तैयार करवाई गई थी। मशीन कानपुर देहात के रायपुर रनिया के मोहक गुप्ता से बनवाई गई। टैंकरनुमा लोहे की बॉडी खरीदकर उसमें 10 कुर्सियां वेल्ड करवा दी गईं। एक नकली प्लांट तैयार किया गया। ऑक्सीजन देने की व्यवस्था की गई। लोगों से कहा कि यह एचवाट मशीन इजराइल के वैज्ञानिकों ने बनाई है।
मशीन से लोगों को ऑक्सीजन कंट्रोल करने के बारे में बताया जाता था। मशीन के बाहर लगा हुआ पैनल है, इसी से लोगों को ऑक्सीजन कंट्रोल करने के बारे में बताया जाता था।
जालसाज दंपती की ठगी का शिकार हो चुके लोगों ने बताया स्वरूपनगर के प्रभु महिला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-10 में राजीव कुमार दुबे और उसकी पत्नी रश्मि दुबे एनी टाइम जिम की फ्रेंचाइजी चलाते थे। दंपती ने नामी जिम की फ्रेंचाइजी लेकर लोगों पर विश्वास जमाया। 
दंपती ने नेटवर्क मार्केटिंग की तरह लोगों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का झांसा दिया। लोगों को समझाया कि आप जितने कस्टमर थेरेपी के लिए लाएंगे, उतना कमीशन मिलेगा। दंपती झांसा देते थे कि शुरुआती ऑफर में कीमतें कम हैं। 1 साल बाद 90 हजार वाली स्कीम 3 लाख रुपए की हो जाएगी। अगर कोई व्यक्ति पूरी थेरेपी नहीं लेता है, तो कंपनी 1 साल बाद एडवांस के पूरे पैसे वापस कर देगी।नेटवर्क मार्केटिंग में पहले व्यक्ति पर 10%, दूसरे पर 5%, तीसरे पर 4%, चौथे पर 3% और पांचवें पर 2% और फिर चाहे कितने भी जोड़ो 1% कमीशन मिलता रहेगा। 50 आईडी एक साथ लेकर आने वालों को गिफ्ट हैम्पर दिए जाने का सिस्टम बनाया गया था।
राजीव कुमार दुबे ने मशीन लगवाने के साथ लोगों को फंसाने के लिए 2 प्लान तैयार किए।
जिसमे पहली स्कीम की फीस 6 हजार थी, इसमें 1 ग्राहक को 10 बार ऑक्सीजन थेरेपी दी जा रही थी। 1 एचवाट (थेरेपी), 1 हाइड्रा (फेशियल)।
दूसरी स्कीम में फीस 90 हजार थी, इसमें 1 कस्टमर को 10 बार ऑक्सीजन थेरेपी दी जा रही थी। 60 एचवाट (थेरेपी), 3 हाइड्रा (फेशियल)।
जिम के ऊपर सेकेंड फ्लोर पर रिवाइवल वर्ड नाम से ऑफिस बना लिया। कुछ महीने पहले राजीव दुबे ने फोटो और वीडियो दिखाकर लोगों को एक प्लान बताया। इसमें कहा कि इजराइल के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी रिसर्च की है, जिसमें 64 साल से ज्यादा 35 लोगों को एक प्रेसराइज चैम्बर में हफ्ते में 5 दिन शुद्ध आक्सीजन दी जाती थी। 
3 महीने बाद इसके चौंकाने वाले रिजल्ट आए, इन लोगों के ऑर्गन और स्किन 25 साल के लड़कों की तरह हो गई। इसी तरह के वीडियो दिखाकर दंपती ने लोगों में थेरेपी को लेकर भरोसा पैदा किया।
स्वरूप नगर के ही साईं वाटिका अपार्टमेंट में रहने वाली रेनू सिंह चंदेल और उनके नजदीकी सबसे पहले इस ठग के झांसे में आए। शातिर राजीव दुबे और उसकी पत्नी रश्मि दुबे के झांसे में आकर रेनू ने 150 आईडी यानी इतने लोगों को ऑक्सीजन थेरेपी का प्लान बेचा। रेनू चंदेल ने अपने और नजदीकियों के नाम पर 18.50 लाख रुपए दंपती को दिलाए।
रेनू ने मामले की एफआईआर दर्ज करवाई तो ठगी के शिकार सैकड़ों लोग सामने आ रहे है। अभी तक जो लोग सामने आए हैं, ऐसे 500 से ज्यादा लोगों से 35 करोड़ की जालसाजी सामने आ चुकी है। रेनू की एफआईआर के बाद 20 और लोगों ने पुलिस में शिकायत की है।