February 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। नगर में मंगलवार सुबह मौसम साफ था। हालांकि, रात में मौसम बिगड़ सकता है। हल्की बारिश और तेज हवा के आसार हैं। सुबह शहर में सर्द हवाएं चलीं, जिससे लोगों की कंपकंपी छूट गई। बीते 48 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार शहर का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। तापमान में आई इस गिरावट से ठंड का असर और तेज हो गया।
सुबह के समय तेज और बर्फीली हवाओं के चलते सड़कों पर निकले लोग गर्म कपड़ों में पूरी तरह लिपटे नजर आए। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को ठंड का ज्यादा सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे के बाद आसमान साफ हुआ और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। धूप निकलते ही सड़कों और छतों पर लोग धूप सेंकते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद दिनभर ठंडी हवाओं का असर बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा था। दिन में हवाओं के चलने से ठंडक का एहसास होता रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में बादल छाने और रात से बारिश की संभावना जताई जा रही है। जो कि 28 जनवरी की दोपहर तक चलेगी। दिन में बादल छाने से धूप नरम रहेगी।
इसके अलावा हवाओं की गति तेज हो सकती है जो कि ठंडक का एहसास कराएंगी। यह सभी गतिविधियां पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही हैं। उप्र के कई इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। नगर में पांच से 25 मिमी तक बारिश हो सकती हैं। 

Related News