
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता कानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सरसौल ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण तोमर रोहित से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की गौशालाओं की स्थिति पर चर्चा की गई।
अरुण तोमर ने गौ सेवा आयोग अध्यक्ष से सरसौल ब्लॉक क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर चर्चा करके आवश्यक दिशा-निर्देश देने का निवेदन किया, ताकि उनमें सुधार किया जा सके। इस अवसर पर अरुण तोमर ने गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष को पटका पहनाकर सम्मानित भी किया।
अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने इस दौरान कहा कि सरकार की नीति है कि किसानों के पास गोवंश हो और खेतों में गोबर गैस के प्लांट स्थापित हों, जिससे गोबर का उचित उपयोग किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौ सेवा को लेकर काफी सक्रिय हैं। इसी क्रम में वे प्रदेश में गौवंश के लिए कार्य करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस मौके पर अजय प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






