
संवाददाता
कानपुर। चकेरी में कार सवार तीन युवकों ने महिला को जबरन कार में बिठा कर रेप का प्रयास किया था। पीड़िता के शोर मचाने पर नशे में धुत आरोपियों ने महिला की जमकर पिटाई की और रामादेवी चौराहे के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए थे। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिधनू थानाक्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि वह अपने पति बच्चे के साथ पटेल नगर में किराए पर रहती हैं। पीड़िता ने बताया कि उसके पति प्राइवेट कर्मी हैं और वो भी जाजमऊ स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करती हैं। महिला ने बताया कि बीती 21 मार्च 2025 की रात करीब 8 बजे वह अस्पताल से पैदल घर जा रही थी। तभी जेके कॉलोनी चौराहे के पास सफेद रंग की कार सवार तीन युवकों ने उन्हें जबरन बैठा लिया। इसके बाद आरोपी चलती कार में उनके साथ रेप का प्रयास करने लगे। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपियों ने उन्हें मारापीटा। फिर रामादेवी चौराहे के पास सड़क किनारे कार से फेंककर भाग निकले।
महिला ने बताया कि तीनों आरोपी नशे की हालत में थे। घटना के बाद उन्होंने थाने और चौकी में शिकायत भी की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही करी।
चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।






