November 14, 2025

संवाददाता

कानपुर। अहिरवां स्थित उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला कार्यालय में ज्वेलर्स चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल और जेम्स एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया।
जीजेईपीसी के निदेशक मिथलेश पांडेय ने व्यापारियों को निर्यात संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ज्वैलरी प्रदर्शनियों में भाग लेने के तरीके समझाए। साथ ही जीजेईपीसी की सदस्यता, एमएसएमई योजनाओं और आईआईबी एक्स प्लेटफॉर्म के लाभों की जानकारी दी। मिडिल ईस्ट में मेक इन इंडिया ज्वैलरी को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
जीजेईपीसी की सहायक निदेशक नाहिद सुनके ने आईआईजेएस प्रीमियर के बारे में बताया। उन्होंने इसे एशिया का सबसे बड़ा रत्न और आभूषण शो बताते हुए इसमें भाग लेने के फायदों की जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश वर्मा ने सर्राफा के पारंपरिक व्यापार को कॉर्पोरेट क्षेत्र से बचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंडल छोटे और मध्यम व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग लेने में मदद करेगा।
कार्यक्रम में कानपुर के प्रमुख सर्राफा व्यापारी क्षितिज अवस्थी, मोहित कपूर, रवि सोनी, सुरेश वर्मा, प्रशांत वर्मा, अजीत राठौर, महेन्द्र वर्मा, कमल सोनी, पंकज शुक्ला, भोलेंद्र सोनी, रजनीश सोनी, श्याम सुंदर, अभय गुप्ता, मनीष गुप्ता, श्रीकृष्ण वर्मा, दीपक वर्मा, राज वर्मा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।