
संवाददाता
कानपुर। रोशन नगर इलाके में दबंगों की दबंगई की घटना सामने आई है। कुछ दबंग युवक एक मेडिकल क्लीनिक में घुस गए और जमकर मारपीट व पथराव किया। इस दौरान क्लीनिक में मौजूद एक मरीज घायल हो गया, जबकि अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित क्लीनिक संचालक ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
रोशन नगर निवासी सादाब अहमद इलाके में ‘संजीवनी क्लीनिक’ का संचालन करते हैं। सादाब के मुताबिक वह पत्नी के साथ बेटे के बाल कटवाने पास के एक सैलून में गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर सैलून संचालक से उनकी कहासुनी हो गई।
सादाब का आरोप है कि कुछ देर बाद सैलून संचालक अपने पांच साथियों के साथ क्लीनिक पहुंच गया। वहां पहुंचते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और क्लीनिक में घुसकर मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने तोड़फोड़ की और बाहर से पथराव भी किया।
क्लीनिक संचालक ने बताया कि हमले के वक्त अंदर एक मरीज मौजूद था, जिसे पथराव में चोट लग गई। क्लीनिक के शीशे टूट गए और जांच उपकरण व फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा। पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
इस मामले में रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। वायरल वीडियो को भी संज्ञान में लिया गया है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।






