October 18, 2024


कानपुर। विवादित जमीन पर मवेशी बांधने से मना करने पर विवाद हो गया। दबंगों ने युवक को जमकर पीटा, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को मामले में तहरीर दी है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
साढ़ थाना क्षेत्र के गुगुरा निवासी अतर सिंह (40) की पैतृक जमीन गांव में पारिवारिक कपूर सिंह यादव के घर के बगल में है। अतर सिंह और कपूर सिंह के बीच इस जमीन पर कब्जे को लेकर हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। रविवार को विवादित जमीन पर कपूर सिंह ने अपने मवेशी बांध दिए। अतर सिंह ने कोर्ट का निर्णय आने तक यथास्थिति बनाए रखने की बात कह विरोध किया तो दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी।
जिसके बाद छुट्टा जानवरों से फसल की रखवाली करने के लिए अतर सिंह खेत में जाकर पेड़ के नीचे लेट गए। थोड़ी देर बाद दबंगों ने लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पिटाई से अतर के सिर, छाती, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास खेतों पर काम कर रहे लोगों ने ललकारा और दौड़ लगाई तो दबंग भाग गए। इसके बाद अतर सिंह के घर में सूचना दी गई। उनकी पत्नी मोनी अन्य लोगों की मदद से घायल को भीतरगांव सीएचसी ले गए। जहां से उसे गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया। हैलट ले जाते समय रास्ते में किसान ने दम तोड़ दिया। मोनी ने कपूर सिंह, ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना, विनोद यादव, सोनू पुत्र ओम प्रकाश और अनमोल पुत्र कपूर सिंह के खिलाफ हत्या की तहरीर साढ़ थाने में दी है। साढ़ थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि जमीन पर मवेशी बांधने को लेकर विवाद हुआ था। किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *