
संवाददाता
कानपुर। प्रदेश की कुम्भ नगरी प्रयागराज की तर्ज पर अब कानपुर नगर में भी एक ही स्थान पर 12 ज्योर्तिलिंगों के दर्शन एक साथ कराए जाने की योजना को फलीभूत करने का निर्णय किया गया है।
इसके लिए कल्याणपुर के बुद्धा पार्क में नगर निगम 15 करोड़ की लागत से शिवालय पार्क की स्थापना कराएगा। यहां पर केवल 12 ज्योर्तिलिंगों के दर्शन ही नहीं होंगे बल्कि बच्चों के लिए हैप्पीनेस किड्स जोन की स्थापना की जाएगी और इसे एम्यूज़मेंट पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसको लेकर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने इंदिरा नगर स्थित बुद्धा पार्क का निरीक्षण किया है। उन्होंने नगर निगम के चीफ इंजीनियर सैयद फरीद अख्तर जैदी और अधिशाषी अभियंता दिवाकर भास्कर के साथ पूरी योजना के ले आउट प्लान पर चर्चा की है।
नगर आयुक्त के मुताबिक यहां पर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा प्रयागराज की तर्ज पर भारत के 12 ज्योर्तिलिंगों से जुड़ी मूर्तियां भी लगवाई जाएगी। जिससे यहां आने वाली जनता 12 ज्योर्तिलिंगों के पौराणिक महत्व को पूरी तरह से पहचान और जान सके।
इसके साथ ही बच्चों के लिए हैप्पीनेस किड्स जोन बनाकर लाइट, फव्वारे, झूले आदि लगवाए जाएंगे।पार्क को इस तरह से डेवलप किया जाएगा जिससे यहां पर आने वाले लोग आनंद के पल बिता सके।
नगर निगम की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक इस पार्क में 15 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराया जाएगा।






