
संवाददाता
कानपुर। एक बीटेक छात्र अपने कमरे में फांसी का फंदा गले में डालकर खुदकुशी कर ली। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि प्रेमिका द्वारा युवक से शादी से इंकार करने पर खुदकुशी का कदम उठाया है।
वहीं, एकलौते बेटे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पहले छात्र की प्रेमिका से वॉट्सऐप चैट व वीडियो कॉल के पर काफी लंबी बात हुई थी।
काकादेव एम-ब्लाक निवासी दुर्गा प्रसाद गौतम एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका 19 वर्षीय बेटा हिमांशु घर का इकलौता चिराग था। हिमांशु बिल्हौर के एक निजी कालेज से बीटेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
मां सुमन व चाचा विमल गौतम जब कमरे पहुंचे तो देखा कि हिमांशु फंदे से लटका है। तुरंत उसे नीचे उतारा और हैलट ले गए, जहा डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मामा गौरव ने बताया कि घटना से पहले हिमांशु की तीन बार किसी लड़की से वीडियो कॉल के जरिए काफी लंबी बातचीत हुई थी। साथ ही पुलिस को कुछ वॉट्सऐप चैट भी मिले हैं। इसमें युवती ने हिमांशु से शादी के लिए मना करते हुए मर जाने की बात लिखी है।
युवती से हिमांशु की करीबी होने की बात सामने आने पर मां सुमन ने जब अलमारी खोली तो लाकर में रखें उनके गहने गायब थे। इससे परिजनों ने अंदेशा लगाया है कि युवती ने यह गहने हिमांशु से ले लिए हैं।
मां सुमन ने बताया कि इसी के चलते पिछले करीब दस दिनों से हिमांशु मानसिक तनाव में रहता था। कारण पूछने पर वह परिवार के लोगों से चिल्लाने लगता था। वह अपने कमरे में सोने के लिए चला गया, जहां वह रस्सी के सहारे पंखे से झूल गया।
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामा गौरव के अनुसार हिमांशु के साथ युवती की मांग भरी हुई फोटो भी मोबाइल पर मिली है। इससे प्रतीत होता है कि दोनों ने चुपके से शादी कर ली थी, लेकिन इसे सार्वजनिक करने की बात पर युवती मुकर गई।






