
संवाददाता
कानपुर। बिधनू ब्लॉक में स्वच्छ भारत मिशन की स्थिति चिंताजनक है। न्याय पंचायत मझावन के हरदौली गांव में उजागर पुरवा की हालत इसकी गवाह है। यहां का खड़ंजा पिछले चार साल से टूटा पड़ा है, नालियां टूटी हुई हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे आसपास के क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान प्रधान के कार्यकाल के साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।
गांव की एक और समस्या आवास की है। कम आबादी वाले इस गांव में विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। गरीब परिवारों को रहने की जगह नहीं मिली है और वे मिलन केंद्र में रह रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान और ब्लॉक अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बिधनू के सहायक विकास अधिकारी सुरेश चंद्र निगम ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक से टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।






