July 31, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
 शिवराजपुर स्थित बृजवासिन पुरवा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस झड़प में कुल 15 लोग घायल हो गए।
राम बिटोली और राम प्रसाद के बीच लंबे समय से कृषि भूमि का विवाद चल रहा था। न्यायालय ने राम बिटोली के पक्ष में फैसला दिया था। इसके बावजूद दूसरा पक्ष जमीन पर कब्जा नहीं दे रहा था। 20 दिसंबर को पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई की थी।
शुक्रवार सुबह एक बार फिर जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।