
संवाददाता
कानपुर। समाजवादी पार्टी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के बीच डीएनए को लेकर चल रहा विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। कानपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का महिलाओं के प्रति विचार क्या हैं, ये सभी जानते हैं। हम अखिलेश के नहीं बल्कि उनकी पार्टी के डीएनए की बात कर रहे हैं।
बृजेश पाठक पर की गई टिप्पणी अशोभनीय है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी का राजनैतिक डीएनए सभी लोग जानते हैं। उनकी सरकार में प्रदेश में अराजकता थी।
प्रदेश में दंगाई दंगा करते थे और सपा उनके साथ खड़ी रहती थी। सपा ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के डीएनए पर सवाल उठाया, वह अशोभनीय है।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में कुछ पदाधिकारी आचरण के विपरीत कार्य कर रहे हैं।
बलिया और गोंडा में जिस तरह से पदाधिकारियों ने जो कृत्य किए हैं। उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की है, और आगे भी करेंगे। गोंडा जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
पंचायत चुनाव को लेकर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। जिला पंचायत सदस्यों तक ही पार्टी टिकट देगी।
ग्राम सभा और क्षेत्र पंचायत में पार्टी प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बीते 5 वर्षों में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।