
संवाददाता
कानपुर। सिख समाज की आस्था से जुड़ी गुरुचरण पादुका यात्रा, जिसमें गुरु गोविंद सिंह जी महाराज एवं माता साहिब कौर जी की चरण पादुकाएं शामिल हैं, आगामी 28 अक्टूबर को कानपुर पहुंचेगी।
इस यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
यह बैठक भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर में संपन्न हुई। इसमें जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सरदार अजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुचरण पादुका यात्रा का भव्य स्वागत जाजमऊ से लेकर फतेहपुर तक किया जाएगा। यात्रा मार्ग में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जाएंगे और भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल होंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज एवं माता साहिब कौर जी के पावन चरण कानपुर की धरती पर आना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे क्षेत्र में यात्रा के स्वागत में तन, मन और धन से सहभागी होंगे। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को सिख समाज के साथ मिलकर यात्रा के पड़ावों पर स्वागत की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पाल ने यह भी स्पष्ट किया कि कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, फतेहपुर और कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के जिन-जिन जिलों से यह यात्रा गुजरेगी, वहां भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता श्रद्धापूर्वक स्वागत-अभिनंदन करेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमिंदर सिंह रिंकू, अल्पसंख्यक मोर्चा के सरदार नीतू सिंह, सरदार जसविंदर सिंह, सरदार जसवीर सिंह मल्होत्रा, सरदार हरप्रीत सिंह मक्कड़, सरदार कुलबीर सिंह महाजन, सरदार हरमीत सिंह, सरदार मंजीत सिंह चड्ढा और सुरेंद्र पाल सिंह रूहानी उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि गुरुचरण पादुका यात्रा का आगमन सिख समाज के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।






