
संवाददाता
कानपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के बाद अब नोएडा प्राधिकरण बिठूर पंचायत को अपनी तकनीकी और स्वच्छता से संबंधित अनुभवों को साझा करेगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण और बिठूर पंचायत के बीच एमओयू साइन किया गया।
ये पहल स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के अन्तर्गत की गई।
प्राधिकरण की ओर से महाप्रबंधक जन स्वास्थ्य एसपी सिंह और परियोजना अभियन्ता, जन स्वास्थ्य-प्रथम गौरव बंसल व बिठूर नगर पंचायत, कानपुर की ओर से अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ शहर जोड़ी पहल है। जिसका उद्देश्य बड़े शहरों को अपेक्षाकृत छोटे शहरों से जोड़कर आपसी अनुभव साझा करना है। क्षमता निर्माण करना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व नगर स्वच्छता सेवाओं को बेहतर बनाना है।
जन स्वास्थ्य विभाग के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि इस एमओयू के तहत नोएडा में स्वच्छता से संबंधित किए जा रहे कार्यों, तकनीक और अनुभवों को साझा करना है। जिसे बिठूर पंचायत मानेगी और उसकी रिपोर्ट मंत्रालय को भी देगी।
इस समझौते के अंतर्गत नोएडा प्राधिकरण से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में बेहतर जानकारी को साझा किया जाएगा। बिठूर नगर पंचायत में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन के कार्य में सहयोग करेगा। साइंटिफिक ढंग से वेस्ट का निवारण करने की व्यवस्था को विकसित किया जायगा। नागरिक सहभागिता एवं जनजागरूकता अभियानों का आयोजन किया जायगा। स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी एवं प्रबंधकीय सहयोग होगा। नोएडा प्राधिकरण स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव, तकनीकी समाधान और सर्वश्रेष्ठ जानकारी को साझा करेगा।
इस समझौते में बिठूर नगर पंचायत नोएडा से मिले सुझावों और जानकारी को स्थानीय स्तर पर लागू करेगा।
क्षेत्रवार स्वच्छता प्रबंधन योजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगा। प्रगति रिपोर्ट एवं परिणामों को मंत्रालय व मेंटॉर शहर के साथ साझा करेगा।






