May 10, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
सरसौल स्थित शिवनाथ शिवदास मौर्य इंटर कॉलेज में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने  डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
14 अप्रैल को भीम जयंती के रूप में मनाया जाता है। डॉ. अंबेडकर का जन्म 1891 में हुआ था। वे भारतीय संविधान के प्रमुख निर्माता थे। साथ ही वे स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री, न्यायविद, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक भी थे।
कार्यक्रम में शिक्षक रामप्रसाद ने छात्रों को बाबा साहेब के जीवन से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान निर्माण के लिए कई देशों के संविधान का अध्ययन किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और दलितों को समानता दिलाने के लिए संघर्ष किया।
प्रधानाचार्य संजय सिंह ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी लोगों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में गुलाब पाल, विभु सिंह, धीरेंद्र सिंह, जय सिंह, जगजीत मौर्य, रानू कुशवाहा सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।