
संवाददाता
कानपुर। मरीजों को निःशुल्क सहायता प्रदान करने के लिए बिल्हौर नगरपालिका को एक नई एंबुलेंस मिली है, जो नगरवासियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यह एंबुलेंस नगरपालिका अध्यक्ष इखलाक खां और अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा द्वारा सभासदों की मांग पर उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष इखलाक खां ने बताया कि नागरिकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना बिल्हौर नगरपालिका की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हर व्यक्ति तक पहुंच बनाना और लोगों के सुख-दुख में साथ रहना है।
सभासद अशोक तिवारी उर्फ गुड्डा ने जानकारी दी कि कई सभासदों द्वारा एंबुलेंस वाहन की मांग उठाई गई थी। अब इस सुविधा के मिलने से जरूरतमंद लोगों को आसानी से एंबुलेंस प्राप्त हो सकेगी और उन्हें निःशुल्क सेवा का लाभ मिलेगा।
अध्यक्ष इखलाक खां ने कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनकी हर समस्या का समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने एंबुलेंस रोड की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि कई बार बीमार व्यक्ति को मुख्य सड़क तक पीठ पर उठाकर लाना पड़ता है, इसलिए एंबुलेंस रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।