
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
अरौल थाना क्षेत्र के शेषपुर धर्मशाला गांव निवासी 35 वर्षीय पुरुषोत्तम कटियार की लखनऊ में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम कटियार रविवार रात मकनपुर से अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे। अरौल-मकनपुर रोड पर बम्हनी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुरुषोत्तम को तत्काल सीएचसी बिल्हौर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले गए। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई उत्तम कटियार ने बताया कि परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






