March 12, 2026

संवाददाता

कानपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य के नेतृत्व में बुधवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला और बांबी गांव से शुरू होकर तीन किलोमीटर दूर टौंस चौराहे तक पहुंचे। देशभक्ति के नारों और झंडों के साथ यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के बाद किसान नेता उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा से मिले और राष्ट्रपति के नाम 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसान नेता धर्मपाल सिंह चौहान ने कहा कि अधिकारी किसानों की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं करते, जिससे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
भाकियू जिलाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य ने सरकार द्वारा 15 साल पुराने ट्रैक्टरों को कबाड़ घोषित करने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी रोडवेज बसें 30 सालों से खराब हालत में चल रही हैं, तो किसानों के ट्रैक्टर क्यों बंद किए जा रहे हैं।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन उच्चाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में नरवल इंस्पेक्टर अखिलेश पाल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
इस तिरंगा यात्रा और ट्रैक्टर मार्च में मंडल अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, राम सिंह समेत सैकड़ों पुरुष और महिला किसान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।