
संवाददाता
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के चिरली गांव में गेहूं के खेत में पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर फरसा, कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब एक-एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार गांव में एक पक्ष ने अपने खेत में पानी लगाया था, जो बहकर इंद्रपाल के गेहूं के खेत में भर गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। मामले को लेकर दोनों पक्ष साढ़ थाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने समझौता करा दिया था।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह फिर से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जयचंद्र और बदलू राहुल के घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। राहुल के विरोध करने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों, फरसा, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
मारपीट में पहले पक्ष के अरविंद, जयचंद, रामप्रसाद, निशा, शिवनाथ, विश्वनाथ, शालू, जगन्नाथ, छविनाथ, केशनपाल और बउवन घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के राहुल, नितिन, छविनाथ, अरविंद, बउवन, केशनपाल, कल्लू, विश्वनाथ, राजेवारी, पूनम, बबली और उर्मिला समेत कई लोग चोटिल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
साढ़ थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






