
संवाददाता
कानपुर। फतेहपुर के प्राइमरी शिक्षक से 7 हजार की लूट का मामला सामने आया था। वारदात को कानपुर में ऑटो ड्राइवर ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने ऑटो ड्राइवर और उसके दो दोस्तों को बाबूपुरवा से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका एक साथी फरार हैं। पुलिस 36 सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपियों तक पहुंची थी। उनके पास से कैश, शिक्षक का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है।
फतेहपुर के हथग्राम नयापुरवा निवासी योगेंद्र प्रताप सिंह प्राइमरी शिक्षक हैं। उनके साथी शिक्षक अंकित साहू का बेटा बीमार है। जिसका जरीब चौकी के पास स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बीते 7 जुलाई को योगेन्द्र दोस्त के बेटे को अस्पताल से देखकर लौट रहे थे। उन्होंने झकरकटी से रामादेवी के लिए ऑटो लिया था, जिसमें तीन युवक पहले से ही बैठे थे।
ऑटो चालक ने एक सवारी को नयापुल के पास छोड़ने की बात कहकर गाड़ी बगल के रास्ते पर उतार ली। कुछ दूर चलने के बाद एक बाइक से दो युवक उनका पीछा करने लगे। इसके बाद ड्राइवर ने भैंसी बाजार लोकोमेमो के पास सुनसान जगह देखकर गाड़ी रोक दी।
इसके बाद ऑटो में बैठे तीनों युवक और बाइक सवार दोनों युवक मिलकर उन्हें पीटने लगे। आरोपियों ने उनका आईफोन, मोबाइल और सात हजार रुपए लूट लिए। आईफोन को लेकर बदमाशों के बीच मारपीट हो गई । जिससे मौका मिलने पर वो भाग निकले। पीड़ित ने बाबूपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान हुई। जिसके बाद घटना में शामिल बाबूपुरवा निवासी इजहार अली, ऑटो ड्राइवर आरिफ व उसके साथी मो. दानिश को गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी साउथ ने बताया कि इजहार के खिलाफ 6 व आरिफ के खिलाफ 3 मुकदमे दर्ज है। बदमाशों का एक साथी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।






