March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
 ग्रीनपार्क स्टेडियम में 30 सितंबर से भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए टीम के मध्य वनडे सीरीज का मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले को लेकर दोनों टीमें होटल लैंडमार्क में ठहरेंगी। इस दौरान उनके लिए होटल के शेफ लजीज व्यंजन तैयार करेंगे। ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाड़ियों को लोकल नॉनवेज का स्वाद परोसा जाएगा। इसके अलावा विदेशी फिश की डिश भी तैयार की जाएगी। इसी तरह भारतीय खिलाड़ियों के लिए पंजाबी स्टाइल का चिकन और विदेशी सब्जियां बनाई जाएंगी। इसके अलावा इस बार मिलेट्स की चीजों पर भी काफी फोकस किया जा रहा है।
होटल लैंडमार्क के शेफ बलराम सिंह ने बताया कि सबसे पहले सुबह नाश्ते के समय दोनों टीमों के खिलाड़ियों को हल्का नाश्ता कराया जाएगा, क्योंकि नाश्ते के बाद खिलाड़ी अभ्यास सत्र में शामिल होंगे तो उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत ना हो यह ध्यान में रखा गया है।
नाश्ते में अंडे से बने आइटम होंगे। इसके अलावा फ्रूट्स, ब्रेड, बेक्ड चिकन सॉस और इसके अलावा इंडियन फूड में रागी का डोसा, किनवा का डोसा, पैनकेक भी शामिल होगा।
शेफ बलराम सिंह ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी इंडियन फूड को काफी ज्यादा पसंद करते हैं, इंडिया के खिलाड़ी मैदे से दूर रहते हैं तो वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी नान, मिस्सी, इन सब चीजों को काफी पसंद करते हैं। इसलिए उनके लंच में न्यूजीलैंड लैंप चॉप, फिश में सी बास, स्नैपर, सालमन जैसी विदेशी फिश परोसी जाएगी।
इसके अलावा ग्लूटेन फ्री ब्रेड होगी, क्योंकि इन सभी चीजों में ओमेगा 3 बहुत ज्यादा मात्रा में पाया जाता है और इसके अलावा कुछ लोकल फूड भी उनके सामने रखे जायेंगे, जिनमें निहारी, बिरयानी, चपली कबाब लंच में शामिल किया जाएगा।
इंडिया टीम के खिलाड़ियों के लिए विदेशी सब्जियां और मिलेट्स के आइटम परोसे जाएंगे। विदेशी सब्जियों में स्पेरगस, स्नोपीस, ब्रेसल स्प्राउट्स, पंजाबी स्टाइल का बटर चिकन, निहारी, मक्खन मलाई, मटन रान, मटन हलीम जैसी चीज लंच में शामिल की गई है।
शेफ बलराम सिंह ने बताया कि अभ्यास सत्र के दौरान भी खिलाड़ियों के खाने पर काफी फोकस रखा गया है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में जो बुफे लगाया जाएगा, उसमें बॉयल एग, केला, पीनट बटर टोस्ट, ड्राई फ्रूट्स, विशेष प्रकार का दही, एवोकाडो का शेक, इदमामे सलाद, ग्रिल्ड एवोकाडो सलाद, स्टोन फूड सलाद रखा जाएगा।
खिलाड़ियों की आवभगत और उनके खान-पान की पूरी व्यवस्था को देखने के लिए होटल लैंडमार्क में 60 लोगों की टीम लगाई गई है। इसके अलावा शेफ की एक टीम अलग होगी जो कि सिर्फ किचन संभालेगी।