April 22, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
जीएसटी टीम की चेकिंग के दौरान सरकारी कार्य में बाधा, अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। असिस्टेंट कमिश्नर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, राज्य कर विभाग की सचल दल इकाई के सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार गणेशपुर इलाके में टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक को रोका गया, जिसमें पेट बोतल स्क्रैप लदा था और उसका ई-वे बिल संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। चालक से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पोर्टल जांच में बिहार की एक फर्म का ई -वे बिल फतेहपुर से दिल्ली के लिए जारी दिखाया गया, जबकि मौके पर स्थिति संदिग्ध मिली।
चल रही जांच के दौरान अचानक 10-15 लोग मौके पर पहुंच गए। इनमें से एक ने खुद को आर्मी से रिटायर्ड बताते हुए ट्रक का मालिक बताया। आरोप है कि इन लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और असिस्टेंट कमिश्नर के साथ धक्का-मुक्की करके मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि यदि ट्रक को जीएसटी कार्यालय ले जाया गया तो गोली मार देंगे। स्थिति बिगड़ने पर टीम को मौके से हटना पड़ा।
आरोपियों ने ट्रक को जबरन वहां से हटाकर एक गोदाम में खड़ा करा दिया, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई। विभागीय अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News