February 23, 2026

• 16 फरवरी तक चलेगा आयोजन।

संवाददाता

कानपुर।  चौबेपुर कस्बे में स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्री राम कथा का समापन 14 फरवरी को हुआ। कथा के अंतिम दिन आचार्य संतोष महाराज ने श्री राम राज्याभिषेक का प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे।
आचार्य संतोष महाराज ने कथा के दौरान बताया कि भगवान श्री राम ने बाली का वध किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए किया था। उन्होंने यह भी कहा कि लंकापति रावण का अंत उसके अहंकार के कारण हुआ। कथा में लंका विजय और 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर श्री राम के सीता के साथ अयोध्या लौटने का वर्णन किया गया।
समापन दिवस, 14 फरवरी को, हनुमान जी का सिंदूर बंधन किया गया। मुकुल बंधुओं द्वारा संकीर्तन प्रस्तुत किया गया और शाम को दिव्य झांकी निकाली गई, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण हुआ। 

15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भगवान शिव का पूजन किया जाएगा, जिसके उपरांत कस्बे में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
16 फरवरी को सुबह हवन और कन्या भोज के साथ एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन धनुष यज्ञ का कार्यक्रम भी होगा और देर शाम जादूगर कल्लू सम्राट द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
इस अवसर पर पंडित राजेश त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, प्रमोद त्रिपाठी, कार्यक्रम संचालक ओम नारायण गुप्ता, राजू त्रिपाठी और सुशील तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।