January 21, 2026

संवाददाता
कानपुर।
शुक्रवार सुबह से ही ठंडी हवा ने सड़कों पर चल रहे लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह कहीं घना तो कहीं कम कोहरा रहा। गलन भरी सर्दी से लोगों की कंपकपी छूटी।  पिछले छह दिनों की तुलना में शुक्रवार सुबह विजिबिलिटी कम रही।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड अभी कुछ दिन और सताएगी, वहीं अगले सप्ताह बारिश की भी संभावना जताई गई है। कानपुर यूपी में सबसे ठंडा रहा, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सुबह के समय हल्का कोहरा रहा, जिससे विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। हालांकि सुबह चली तेज हवाओं ने कोहरे को कम करते हुए मौसम को साफ किया। अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रात में कानपुर की ठंड प्रदेश में चौथे नंबर पर रही। फिलहाल आने वाले 24 घंटे में तेज धूप निकलेगी।16 जनवरी से पहाड़ों पर भारी बर्फवारी होने की संभावना है, जिसकी वजह से कानपुर में शीतलहर चलेगी जो कि ठंडक को बढ़ाएंगी।
इसके अलावा अगले सप्ताह से बादल आने से दिन में कोल्ड डे हो सकता है, जिससे दिन का तापमान गिरेगा। इसी के साथ सुबह, शाम व रात के समय कोहरा भी छा सकता है। किसानों का सलाह दी गई है कि रात में सिंचाई अवश्य कर दें।
ठंड में मरीज बढ़े हैं। हार्ट अटैक के 61 और ब्रेन स्ट्रोक के छह मरीज एडमिट हुए। डॉक्टरों का कहना है कि दिन में धूप और रात में गिरते तापमान के चलते वायरल समेत अन्य संक्रमण भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बीपी के रोगी जांच जरूर कराते रहें। दवा खाना न छोड़ें।
कोहरे के चलते 20 ट्रेनें देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। अयोध्या से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22425) 02.08 घंटे लेट रही। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 01.09 घंटे देरी से आई। बनारस से इंदौर जाने वाली काशी महाकाल एक्सप्रेस (20413) 01.58 घंटे लेट रही।
कानपुर में गलन भरी ठंड में 61 मरीजों को हार्ट अटैक के लक्षणों के साथ कार्डियोलॉजी में भर्ती किया गया। डायरेक्टर प्रो. राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि ओपीडी में 676 मरीजों का चेकअप हुआ। सात मरीज डेड अस्पताल लाए गए। 

हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में रात 8 बजे तक 84 मरीज भर्ती हुए। इनमें छह मरीज ब्रेन स्ट्रोक के हैं।
दो फ्लाइट देरी से चकेरी एयरपोर्ट आईं। दिल्ली की फ्लाइट 44 मिनट की देरी से 2.44 बजे कानपुर आई। दोपहर 3.11 बजे कानपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। मुंबई की फ्लाइट भी एक घंटे की देरी से 3.36 बजे कानपुर आई। शाम 4.06 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। 

Related News