
संवाददाता
कानपुर। गर्मी से तपने वाली मई के महीने में इस बार पाकिस्तान और बांग्लादेश के विक्षोभों का असर ज्यादा नहीं दिख रहा है। इन 28 दिनों में 18 विक्षोभों के बाद मौसम अनिश्चितता भरा रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पाकिस्तान, ईरान और अफगानिस्तान की ओर से आने वाले विक्षोभों के कारण पहाड़ों, दिल्ली और यूपी के पश्चिमी हिस्से में आंधी-पानी का दौर बना हुआ है।
कानपुर में जहां गुरुवार को सुबह से बादल छाए रहे। लेकिन इससे गर्मी में राहत नहीं मिली बल्कि उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो गए। हीट इंडेक्स 62 रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
वहीं अधिकतम तापमान अब भी सामान्य से कम चल रहा हैं। अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री कम होकर 38.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रही। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को भी आईएमडी ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यदि स्थितियां अनुकूल रहीं तो हल्की से मध्यम बारिश दोनों दिनो में हो सकती है।