
संवाददाता
कानपुर। मानसून सीजन की शुरुआत अब हो गई है। अब होने वाली बारिश प्री-मानसून की बजाय मानसून सीजन में दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कानपुर में मौसम बदला हुआ है। पिछली रात को हल्की बूंदाबांदी हुई थी। वहीं सुबह भी बूंदाबांदी हुई। घने बादल छाए हुए हैं। कानपुर में 15 जून तक मानसून की एंट्री होगी।
रविवार से मानसून सीजन की शुरुआत हो गई है। प्री मानसून में मई में 32 मिमी बारिश दर्ज हुई। प्री मानसून अपेक्षाकृत ठंडा रहा है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।
जून की शुरुआत में तापमान सामान्य से कम नहीं रहता है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के बावजूद ज्यादा तपिश नहीं रही। वहीं अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री कम होकर 36.4 डिग्री दर्ज किया गया।
पहली मार्च से 31 मई तक प्री मानसून सीजन माना जाता है। इस दौरान बारिश तो नाममात्र ही हुई लेकिन तापमान काफी कम रहा। केवल मई महीने में दो बार में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई। मार्च व अप्रैल में बारिश नाममात्र ही रही।
कल पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं शाम को कुछ क्षेत्रों में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। पूरी रात बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम को बूंदाबांदी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।