March 4, 2026

—फ़ोन पर बात करते -करते फंदे पर झूल गया युवक। 

संवाददाता
कानपुर।
पत्नी के मायके से न लौटने से परेशान युवक ने पत्नी से फोन पर बात करते–करते आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि डेढ़ माह पहले युवक की आजमगढ़ में रहने वाली युवती से शादी हुई थी। चौथी में विदा होने के बाद से विवाहिता लौटी नहीं थी, जिस पर पति–पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों ने घटना की जानकारी मृतक की पत्नी को दी तो वह फोन पर बोली कि जिस दिन तेरहवीं हो, तो बता देना…. हम आ जाएंगे। परिजनों ने विवाहिता के प्रेम प्रसंग होने का शक जाहिर किया है।
कैंट के संजय नगर खलवा निवासी विजय मेस्टन रोड स्थित कपड़े की दुकान में काम करता था। परिवार मे बड़े भाई सूरज और विजय है। चचेरे भाई सत्यवीर ने बताया कि डेढ़ माह पहले विजय की शादी आजमगढ़ के मालिकपुर गांव निवासी शालू के साथ हुई थी। 21 जुलाई को शालू के परिजन उसे चौथी में विदा कराकर ले गए थे, जिसके बाद से वह वापस नहीं आई। सत्यवीर ने बताया कि कई बार भाई ने उसे फोन करके आने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया।
मृतक के बड़े भाई सूरज की पत्नी कंचन बेटे के इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाने गई थी। इस दौरान विजय घर पर अकेला था। विजय ने पत्नी को फोन करके घर आने को कहा तो दोनों के बीच में विवाद होने लगा। इस दौरान विजय ने पत्नी को धमकी दी कि अगर वापस नहीं आई तो जिंदा नहीं पाओगी। जिस पर पत्नी ने 4 से 10 सितंबर के बीच आने की बात कह कर फिलहाल आने से मना कर दिया। फोन पर बातचीत करते–करते विजय ने फंदे से लटक कर जान दे दी।
कंचन वापस लौटी तो विजय की चप्पलें घर के बाहर पड़ी थी, कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी गेट न खुलने पर उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो विजय का शव फंदे पर लटक रहा था और कान में ईयर बड्स लगे हुए थे। परिजनों ने विवाहिता के प्रेम प्रसंग का आरोप लगाया, परिजनों ने बताया कि प्रेम प्रसंग के कारण ही विवाहिता के परिजनों ने 15 दिन के भीतर ही शादी करा दी थी।
परिजनों ने घटना की जानकारी विजय की पत्नी को दी तो उसने आने से मना कर दिया। परिजनों ने बताया कि पत्नी ने कहा कि तेहरवीं की डेट की जानकारी दे देना, तब घर आ जाएंगे। कैंट पुलिस ने मृतक के फोन को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।