March 28, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  चौबेपुर थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव में एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महाराजपुर निवासी रेहान पुत्र अहसद अली शराब का आदी था। उसने अपने पिता से शराब के लिए पैसे मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने और डांट लगाने पर वह नाराज होकर घर से निकल गया। देर रात उसने गांव में ही अन्नू चौरसिया की दुकान के बाहर लगे फाइबर सेट के पाइप में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह दुकान के बाहर युवक का शव लटका देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रोने-बिलखने लगे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार अहसद अली के एक बेटा और एक बेटी थी। बीते वर्ष उनकी बेटी की तातियागंज के पास ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। अब इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।