
संवाददाता
कानपुर। रायपुरवा स्थित एक हनुमान मंदिर में अराजक तत्वों ने मूर्ति खंडित कर दी। सुबह भक्त मंदिर में पूजन करने पहुंचे तो मूर्ति खंडित मिली, जिसके बाद बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार समेत थाने का फोर्स पहुंचा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें कुछ संदिग्ध कैद हुए है।
रायपुरवा क्षेत्र में पीपल के पेड़ के पास करीब 40 वर्ष पुराना श्री हनुमान मंदिर है। सुबह करीब 6 बजे मंदिर के पुजारी विजय त्रिवेदी पूजा अर्चन करने पहुंचे तो भगवान हनुमान की मूर्ति खंडित मिली, मूर्ति के पास ईंट पड़ी हुई थी।
मूर्ति खंडित होने की जानकारी पर क्षेत्रीय लोग एकत्रित हो गए। पुजारी ने क्षेत्रीय पार्षद गुड़िया मिश्रा के बेटे अंकित मिश्र व रायपुरवा इंस्पेक्टर संतोष गौड़ को जानकारी दी।
जानकारी पर डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें मंदिर से 100 मीटर दूरी पर एक संदिग्ध कैद हुआ है।पूछताछ में पुजारी ने बताया कि मंदिर के पास एक मानसिक विक्षिप्त भी घूमा करता है। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद व लोगों ने नई मूर्ति लाकर मंदिर में प्राण–प्रतिष्ठा की।






