—मुसलमान पूछ सकेंगे शरई मामलों से जुड़े सवाल।

संवाददाता
कानपुर। कुल हिंद इस्लामिक इल्मी एकेडमी ने हज और कुर्बानी से जुड़े मसलों में लोगों की मदद के लिए अल-शरईया हेल्पलाइन शुरू की है। एकेडमी के जमीअत बिल्डिंग स्थित दफ्तर से यह सेवा दी जा रही है।
उलेमा और मुफ्तियों का पैनल इस हेल्पलाइन का संचालन करेगा। एकेडमी के सदर मुफ्ती इकबाल अहमद कासमी ने बताया कि जिल-हिज्जा के महीने में कुर्बानी से जुड़े कई मसले होते हैं। साथ ही हज के दौरान भी कई सवाल सामने आते हैं।
मुफ्ती इकबाल ने कहा कि मदीना मुनव्वरा की हाजिरी से लेकर मस्जिद-ए-नबवी में नमाज, सलाम के आदाब और एहराम की तैयारी तक की जानकारी दी जाएगी। मिना अराफात, मुजदलिफा के अरकान, जमरात पर कंकरी मारना, हजामत और तवाफ-ए-जियारत जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन मिलेगा।
नायब सदर मुफ्ती अब्दुर रशीद कासमी ने बताया कि कुर्बानी से जुड़े सवालों का भी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दिनों में यह सबसे बड़ी इबादत है। कोई भी अन्य अमल, सदका या खैरात, कुर्बानी का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से ईमानी जज्बे के साथ कुर्बानी के महत्व को समझते हुए बेहतर जानवर की कुर्बानी करने की अपील की है।