
संवाददाता
कानपुर। गर्मी का सितम जारी है। लोगों को गंभीर हीटवेव का सामना करना पड़ रहा है। पूर्वी हवाओं के बावजूद तेज लू का अहसास हुआ। नमी का प्रतिशत अधिक होने के कारण हीट इंडेक्स 64 पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक कल कुछ राहत मिल सकती है। शुक्रवार सुबह भी कड़ी धूप निकली हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ से राहत की संभावना जताई जा रही थी। बादलों की आवाजाही शुरू हो जाने से माना जा रहा था कि तापमान में गिरावट आएगी पर इसके विपरीत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान में उछाल आ गया। सीएसए में तापमान 41.9 से बढ़कर 43.1 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
प्रदेश में दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म हो गईं। कानपुर में एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर रात का पारा 32.6 डिग्री पहुंच गया। यह प्रदेश में सर्वाधिक है। सबसे गर्म रात कानपुर में रिकॉर्ड की गई।
सीएसए के अनुसार, रात का पारा 31 डिग्री रहा। आगरा, अयोध्या, बहराइच, बलिया, हरदोई, बुलंदशहर समेत अनेक शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री के ऊपर रहा। रात के हीटवेव का अलर्ट पहले से था।
मानसून की गति लगातार बढ़ रही है। माना जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र एक विशेष मार्ग से आगे बढ़ेगा। प्रदेश के पूर्वी छोर तक यह दबाव पहुंच रहा है।
17 जून तक इसके पहुंचने की संभावना है। इसके फौरन बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ जाएगा। माना जा रहा है कि प्रदेश के पूर्वी छोर से मानसून दस्तक देगा। कानपुर मंडल तक यह तेजी से पहुंचेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, फिलहाल गर्मी से राहत की संभावना नहीं दिख रही है। शुक्रवार को भी हीट वेव का अलर्ट रहा। शनिवार के बाद यदि विक्षोभ सक्रिय होता है तो आंधी-पानी की संभावना बन सकती है पर जिस तरह मौसमी चक्र बन रहा था, उसमें बाधा आ रही है।