April 11, 2026

संवाददाता 

कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर  ने अपने ऑफिस ऑफ आउटरीच एक्टिविटीज के माध्यम से ऑनलाइन पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों के दूसरे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। पहले चरण की सफलता के बाद, दूसरे चरण में आईआईटी कानपुर विस्तृत तथा विविध कार्यक्रमों के ला रहा है। ये कार्यक्रम विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों और नए स्नातकों के लिए तैयार किए गए हैं, जो फ्लेक्सिबल तरीके से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। यह दूसरा चरण कई नई और आकर्षक कार्यक्रम लेकर आया है, जिससे यह भारत के किसी भी आईआईटी द्वारा प्रस्तुत सबसे व्यापक ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में से एक बन गया है।

इस प्रवेश चक्र में कुल लगभग नौ सीनेट-स्वीकृत कार्यक्रम पेश किए जाएंगे, जो उभरती तकनीकों, सस्टेनेबिलिटी और उद्योग की बदलती जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों पर केंद्रित हैं। एम.टेक ऑनलाइन कार्यक्रमों में वायरलेस नेटवर्क्स एंड मशीन लर्निंग, आर.एफ. इंजीनियरिंग, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स एंड वी.एल.एस.आई., कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग तथा स्मार्ट ग्रिड शामिल हैं।

इसके अलावा, आईआईटी कानपुर एम.एससी ऑनलाइन कार्यक्रम इकॉनॉमिक्स एंड डेटा एनालिटिक्स में तथा पीजी डिप्लोमा ऑनलाइन कार्यक्रम साइबर सिक्योरिटी में भी प्रदान करेगा। एम.टेक और एम.एससी कार्यक्रमों को दो से चार वर्षों में पूरा करने के लिए तैयार किया गया है, जबकि पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम एक से दो वर्षों में पूरा किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई को अपने पेशेवर और व्यक्तिगत दायित्वों के अनुसार पूरा करने की सुविधा मिलती है।

इस पहल के बारे में बात करते हुए आईआईटी कानपुर के ऑफिस ऑफ आउटरीच एक्टिविटीज के प्रभारी प्रो. विमल कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य भविष्य की जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रवेश के दूसरे चरण में कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को फ्लेक्सिबल ऑनलाइन पढ़ाई के साथ विश्व-स्तरीय शैक्षणिक विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने तकनीकी कौशल को मजबूत करने, अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाने और महत्वपूर्ण व उभरते क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करने में मदद करेंगे।

ये कार्यक्रम कामकाजी पेशेवरों और नए स्नातकों दोनों के लिए खुले हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास अपनी योग्य डिग्री में कम से कम 5.5 सीपीआई या 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। प्रवेश के लिए मान्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं, जैसे गेट या जैम के स्कोर जो विभागीय कट-ऑफ को पूरा करते हों, के आधार पर या आईआईटी कानपुर की अपनी ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाएगा। अलग-अलग विभाग अतिरिक्त पात्रता शर्तें भी निर्धारित कर सकते हैं, जैसे संबंधित शैक्षणिक पृष्ठभूमि, पेशेवर या शोध अनुभव या साक्षात्कार। जिन पेशेवरों के पास संबंधित क्षेत्र में पांच या अधिक वर्षों का अनुभव है, उनके लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा की आवश्यकता में छूट दी जा सकती है। इसके अलावा, सरकार या रक्षा संगठनों द्वारा नामित या प्रायोजित उम्मीदवारों को भी यह छूट मिलेगी।

जो अनुभवी पेशेवरों के लिए उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में आईआईटी कानपुर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related News