February 23, 2026

संवाददाता

कानपुर। गुरुवार को ब्लेड से हमले में घायल हुई रानी ने हमलावरों के बारे में बताया कि वो लोग जानवर हैं, उनका तो सीधे एनकांउटर होना चाहिए। मेरे ऊपर ब्लेड से हमला किया, चेहरे पर 25 टांके लगे हैं। वो आदिल थाने में कह रहा था कि छूट कर आऊंगा तो फिर यही हाल करूंगा। आदिल और जीशान मेरे घर के बाहर आकर शराब पीते थे, सिगरेट का धुआं उड़ाते थे। मैंने पुलिस से शिकायत की, जिस पर वह हम लोगों से रंजिश रखने लगे थे।
गुरुवार शाम मैं अपनी छोटी बहन और बेटी के साथ बाजार जा रही थी, तभी बारादेवी मंदिर की ओर से एक ऑटो बहुत तेज स्पीड में आया, जिससे हम लोग बाल-बाल बच गए। ऑटो 10 कदम आगे ही पहुंचा था कि वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हम लोग दौड़ कर देखने पहुंचे तो कोई घायल तो नहीं हुआ। जब हमने कहा- दिखता नहीं है, तभी जीशान ने मुझ पर ब्लेड से हमला कर दिया।
रानी ने बताया कि मुझ पर ब्लेड से हमला होता देख बेटी पलक और छोटी बहन प्रीति बचाने पहुंचीं तो ऑटो सवार आदिल ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। बीच–बचाव करने पर बहनोई गौरव को भी पीटा। मेरे पति के पेट पर ब्लेड से हमला कर दिया।
ऑटो सवार एक अन्य युवक बैठ कर तमाशा देख रहा था, मैंने उससे कहा कि इन लोगों को समझाओ तो वह बोला- मैं किसी को नहीं समझाऊंगा। हम लोग लहुलूहान हालत में जान बचाकर भागते हुए जूही थाने पहुंचे। यहां पुलिसवालों ने कहा- यह मामला हमारे एरिया का नहीं है। आप लोग किदवई नगर थाने जाओ।
मेरी बहन खून से लथपथ थाने के बाहर काफी देर रोई, फिर दो पुलिस वाले किदवई नगर थाने से मौके पर पहुंचे, तब जाकर हम लोगों की जान बची है। हम पर हमला करने वालों में से दो महिला और एक युवक अभी भी फरार हैं।
हमले के बाद रानी की बेटी पलक घर में भी खुद को डरा हुआ महसूस कर रही है। उसने कहा- ऑटो सवार तीनों युवकों ने शराब पी रखी थी, ऑटो पलटने के बाद हम लोग उसकी हेल्प करने पहुंचे थे। मेरी मम्मी ने सिर्फ इतना कहा कि देख कर नहीं चला पाते हो, बस इतने में ही युवकों ने गाली–गलौज करते हुए हम लोगों पर हमला कर दिया।
हम लोग सबसे मदद मांग रहे थे, लेकिन कोई आगे नहीं आया। वो लोग हम लोगों को पुलिस के पास जाने नहीं दे रहे थे। हमले के दौरान आरोपियों के घर की महिलाएं भी आ गईं, हम लोगों से पुरानी रंजिश का बदला लिया गया है।
घायल प्रीति ने बताया कि हम अपनी बहन के घर घूमने आए थे। उस समय मैं अपनी बहन से थोड़ी दूरी पर थी। एक जगह मैंने देखा कि बहुत भीड़ लगी हुई है, मैं वहां अपनी बहन को ढूंढती हुई पहुंची तो देखा कि वो लोग मेरी बहन को मार रहे थे।
बहन को बचाने में मुझपर और मेरे पति गौरव पर भी ब्लेड से हमला कर दिया गया। 
प्रीति के गाल पर 10 टांके लगे हैं। पलक के बाएं हाथ में चोट है। पता चलने पर आरोपी पक्ष से महिलाएं भी आकर मारपीट करने लगी थीं। आरोपियों की तरफ से किसी ने राधा की उंगली में काट लिया।
महिलाओं के लहुलूहान होने की खबर पाकर उनके पक्ष से लोग पहुंचे, तब जाकर विवाद कुछ शांत हुआ। डॉयल112 पर सूचना देने के बाद भी करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची, तब तक ब्लेड से हमला करने वाले भाग चुके थे। 

इस मामले में डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी आदिल और जीशान को गिरफ्तार कर लिया गया था।आरोपी आदिल को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।