
संवाददाता
कानपुर। सड़क हादसों को कम करने के लिए एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह ने पेट्रोल पंप मालिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। घाटमपुर के पतारा स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में कानपुर-सागर हाईवे के किनारे स्थित पेट्रोल पंप मालिकों को विशेष निर्देश दिए गए।
एडीसीपी ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को अपने परिसर में नो हेलमेट नो पेट्रोल का साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंप के बाहर हाईवे किनारे कोई भी वाहन खड़ा नहीं होना चाहिए। नियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पेट्रोल पंप कर्मियों ने हाईवे पर कस्बों में बने नाले की समस्या को भी उठाया। एडीसीपी ने इस मुद्दे को हल करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से संपर्क करने का आश्वासन दिया।
ट्रैफिक पुलिस कानपुर-सागर हाईवे पर होने वाले सड़क हादसों को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस पहल के तहत हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।






