
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र के गढ़ाथा गांव में यमुना की बाढ़ से सड़क बुरी तरह टूट गई है। इसी क्षतिग्रस्त सड़क पर एक दुर्घटना हो गई। श्रीनगर गांव के अजय कुमार ट्रैक्टर पर सैटरिंग मशीन ले जा रहे थे।रास्ते में बने गड्ढे की वजह से सैटरिंग मशीन पलट गई। ट्रैक्टर भी गड्ढे में फंस गया। हादसे में चालक अजय कुमार बाल-बाल बच गए। उन्हें कोई चोट नहीं आई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बुरी तरह से उखड़ी इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है। वाहन चलाना तो दूर की बात है। ग्रामीण अरविंद सिंह, सोनू सिंह और महेश सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।






