
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुदेव पैलेस टॉकीज में फिल्म ‘धुरंधर 2’ के शो के दौरान छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। हॉल के अंदर अंधेरे में युवती को युवक ने छेड़ दिया। युवती के शोर मचाने पर दर्शकों ने युवक को पकड़कर जमकर पीट दिया। घटना के बाद सिनेमाघर में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि शो के दौरान अंधेरे में आरोपी युवक ने पास बैठी युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर परिजन व अन्य दर्शक मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। भागने की कोशिश कर रहे युवक को लोगों ने पकड़कर काबू में कर लिया और उसकी पिटाई कर दी।
घटना के बाद काफी देर तक हॉल में हंगामा होता रहा। हालांकि, युवती ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है।
रावतपुर थाना पुलिस से इस संबंध में जानकारी ली गई तो पुलिस ने किसी भी तरह की घटना की सूचना होने से इनकार किया है।






