February 27, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार दो दोस्तों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। बाइक पर पीछे बैठी महिला भी घायल हुई है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर स्कॉर्पियो की तलाश शुरू कर दी है।
बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर के रहने वाले फरहान अपने साथी आकिब पुत्र जमालुद्दीन के साथ ई-स्कूटी से दूध लेने तेजीपुरवा गया था। इसी दौरान घाटमपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले बाइक सवार शशिकांत मिश्रा की बाइक को टक्कर मारी।
बाइक पर पीछे बैठी उनकी सहकर्मी गायत्री निवासी पतारा घायल हो गईं। इसके बाद स्कॉर्पियो ने पीछे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें फरहान और आकिब सवार थे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने फरहान, आकिब और गायत्री को सीएचसी बिधनू पहुंचाया। फरहान की हालत गंभीर देख परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आकिब और गायत्री को बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि बाइक चालक शशिकांत को मामूली चोट आई है।
बताया गया कि दो माह पहले ही फरहान के पिता का आकस्मिक निधन हुआ था। अब सड़क हादसे में फरहान की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार फरहान मदरसे में अलीमा की पढ़ाई कर रहा था और रमजान के कारण मदरसा बंद होने से वह घर पर था। वह भाइयों उस्मान और लुकमान में सबसे छोटा था।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके  कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार जारी है। 

Related News