
संवाददाता
कानपुर। सजेती में शनिवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मां रामश्री सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उनकी साड़ी डंपर में फंस गई। डंपर उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटता रहा। बेटे अनिल की आंखों के सामने मां तड़पती रही और फिर टायर के नीचे आकर दम तोड़ दिया।
नौबस्ता के नई बस्ती लालपुर निवासी अनिल अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में पूजा में शामिल होने जा रहा था। जवाहर नाला के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायल अनिल को अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
सिसकते हुए अनिल ने बताया- अगर चालक तुरंत ब्रेक लगा देता तो मेरी मां जिंदा होती… मैं अपनी आंखों से उन्हें घसीटते देखता रहा।” हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। एक पल की लापरवाही ने बेटे से उसकी मां छीन ली और परिवार को गहरे सदमे में छोड़ दिया।






