
संवाददाता
कानपुर। थाना महाराजपुर क्षेत्र में एक महिला को साइबर ठग ने निशाना बनाने की कोशिश की। महिला के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने महिला को धमकी दी कि उसकी अश्लील वीडियो बन गई है।
ठग ने महिला से 10 हजार रुपए की मांग की। उसने कहा कि अगर पैसे नहीं भेजे तो वीडियो वायरल कर देगा। शुरुआत में महिला डर गई। लेकिन फिर उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने परिजनों के साथ स्थानीय पुलिस चौकी का रुख किया।
पुलिस ने जब उसी नंबर पर कॉल किया तो ठग घबरा गया। उसने तुरंत अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया। पुलिस ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद ही रहा।
महाराजपुर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि अगर कोई अनजान व्यक्ति फोन कर धमकी दे, तो डरने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही दूसरों को भी इस तरह की धोखाधड़ी के बारे में जागरूक करें।