
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर स्थित शिवराजपुर के खेरेश्वर गंगा तट पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना घट आई। गंगा स्नान के दौरान दो किशोर नदी में डूब गए। गोताखोरों ने एक किशोर को बचा लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मंगलवार को 7 घंटे तक यानी शाम 6 बजे तक सर्च चलती रही लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को फिर से तलाश शुरू की जाएगी।
घटना में शामिल दोनों किशोर कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव के रहने वाले हैं। 13 वर्षीय रॉयल यादव दिल्ली में नौकरी करने वाले सतीश यादव का बेटा है।
दूसरा 14 वर्षीय कुनाल यादव खेती करने वाले बबलू यादव का इकलौता बेटा है। दोनों किशोर अपने चाचा सूरज यादव के साथ खेरेश्वर महादेव के दर्शन और गंगा स्नान के लिए आए थे।
स्नान के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। तीन गोताखोर सत्यम, शिवम और आयुष तुरंत बचाव के लिए कूदे। उन्होंने कुनाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन रॉयल तब तक नदी में डूब चुका था।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की निगरानी में गोताखोर डूबे हुए किशोर की तलाश कर रहे हैं।