February 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  उत्तरीपुरा भड़िया रोड स्थित मंडी समिति में धान खरीद को लेकर किसानों की लगातार शिकायतों के बाद उप जिलाधिकारी संजीव कुमार दीक्षित ने निरीक्षण किया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की  पूर्व में लगाई गई फटकार और जांच के आदेश के बाद की गई है।
श्याम बाबू और राजनायण समेत कई किसानों ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से अपनी धान की खरीद न होने की शिकायत की थी। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग की थी।
किसानों की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उत्तरीपुरा मंडी समिति का दौरा किया और वहां के सचिवों को कड़ी फटकार लगाई थी । 

उन्होंने उप जिलाधिकारी संजीव कुमार दीक्षित की अध्यक्षता में एक टीम गठित कर जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में, उप जिलाधिकारी संजीव कुमार दीक्षित आज पूर्ति निरीक्षक ओमप्रकाश राणा, आपूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार और दिनेश कुमार के साथ उत्तरीपुरा मंडी समिति पहुंचे। उन्होंने वहां धान खरीद से संबंधित मामलों की जांच पड़ताल शुरू की।
जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। मौके पर मौजूद किसानों को उप जिलाधिकारी संजीव कुमार दीक्षित ने आश्वासन दिया कि सभी किसानों की धान की तौल समय और नंबर के अनुसार की जाएगी। 

Related News