
संवाददाता
कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन ने खाना देने जा रहे बाइक सवार किसान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी को बेटा हुआ था। उसकी पत्नी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। परिजनों को जब हादसे की सूचना मिली तो उनका रो–रोकर बुरा हाल हो गया।
चौबेपुर के चंद्रिका गांव निवासी शिवनंदन सिंह खेती किसानी करते थे। परिवार में पत्नी जूली और मां निर्मला है। शिवनंदन की पांच साल की एक बेटी आयुषी है। पत्नी जूली को सोमवार को बेटा हुआ था, जिसके चलते वह कल्याणपुर स्थित श्याम चिल्ड्रेन केयर हास्पिटल में भर्ती थी और इस समय आइसीयू में है।
उसकी देखरेख के लिए सास निर्मला वहां पर थीं, बड़े भाई रघुनंदन ने बताया कि देर रात शिवनंदन बाइक से अस्पताल में खाना देने जा रहा था। अभी वह रामा अस्पताल के सामने एलीवेटेड हाईवे पर पहुंचा ही था कि तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने बिठूर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद उसके मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि आइसीयू में भर्ती पत्नी जूली को अभी पति के मौत की जानकारी नहीं है। थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखकर वाहन का पता कराया जा रहा है।






