
संवाददाता
कानपुर। आईआईटी कैंपस में सांड के हमले से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल ने गुरुवार सुबह हैलट अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना में अधेड़ को बचाने के दौरान उसका साथी भी घायल हो गया था, जिसका इलाज हैलट में चल रहा है।
बिठूर के डंबरपुरवा गांव के रहने वाले कैलाश आईआईटी की विष्णुसरन एंड कंपनी में ठेकेदार नरेंद्र के अंडर में पिछले 10 साल से काम कर रहे थे। परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे हिमांशु, दीपांशु और बेटी रेनू है, जिसकी शादी हो चुकी है।
परिजनों ने बताया कि 24 मार्च करीब 5 बजे वह काम खत्म करके साइकिल लेकर निकल रहे थे, तभी सांड ने उन पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गए।
शोर सुनकर उनका साथी लाखन बचाने दौड़ा तो सांड ने उसे भी पटक कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंचे गार्डों ने लाठी-डंडों से सांड को भगाया।
कैलाश और उनके साथी लाखन को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह कैलाश की इलाज के दौरान मौत हो गई।






