March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नरवल थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई है। मंगलवार रात को शीशूपुर गांव के शिवम मिश्रा ने पुलिस को झूठी सूचना दी थी। इस पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां लाठी-डंडे लिए लोगों की भीड़ जमा थी।
नशे में धुत शिवम मिश्रा ने एक मंदबुद्धि व्यक्ति सत्येंद्र को पेश किया। उसने दावा किया कि 4-5 लोगों ने सत्येंद्र की पिटाई की है। जब पुलिस ने सत्येंद्र का निरीक्षण किया तो उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस जब उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
हमलावरों में शिवम मिश्रा, उसके पिता राजन मिश्रा, अंकुश मिश्रा, शिवम की मां और बहन शामिल थे। इसके अलावा अतुल सोनकर, छोटे सोनकर, प्राशू शुक्ला और 10-12 अन्य अज्ञात लोग भी थे। 
मौके पर मौजूद दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने 8 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।