
संवाददाता
कानपुर। रविवार सुबह पुलिस कमिश्नर आवास के सामने एक तेज रफ्तार कार सवार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। जबकि उस पर बैठी दो सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरा हादसा वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। ग्वालटोली पुलिस सूचना पर पहुंची और घायलों को उर्सला में इलाज के लिए भेजा। कार चालक की तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है।
ग्वालटोली थाना क्षेत्र के पुलिस कमिश्नर आवास के सामने रविवार सुबह ई-रिक्शा चालक दो सवारियों को लेकर जा रहा था। इस दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक और दोनों सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाकाई लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की मदद से सभी घायलों को उर्सला में एडमिट कराया। इलाज के दौरान ई-रिक्शा चालक संजय कुमार की मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की तो एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें कार चालक ई-रिक्शा में टक्कर मारते हुए साफ देखा गया है। सीसीटीवी से सामने आया कि ई-रिक्शा में टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक संजय कुमार उछलकर कार के सामने आ गया और टक्कर के बाद कार के नीचे आने से उसकी मौत हो गई।
एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने बताया कि हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद जांच में ग्वालटोली पुलिस को एक सीसीटीवी मिला है। इसमें कार का नंबर समेत अन्य जानकारी मिली हैं। इसी आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही आरोपी को जेल भेजा जाएगा।






