July 31, 2025

विश्‍ववार्ता

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
एशिया के सबसे बड़े तकनीकी और उद्यमशीलता महोत्सव के 31वें संस्करण टेककृति 2025 का आईआईटी कानपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव एक ऐसा केंद्र है, जहां प्रौद्योगिकी, उद्यमशीलता और नवाचार एक दूसरे से जुड़ते हैं।इस वर्ष का संस्करण विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह रक्षा प्रौद्योगिकी और क्षमता के समर्पित प्रदर्शन, रक्षाकृति के माध्यम से देश के रक्षा बलों को सम्मान देता है। 

उद्घाटन समारोह में जनरल अनिल चौहान, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद प्रमुख वक्ताओं ने नवाचार और राष्ट्रीय प्रगति को बढ़ावा देने में महोत्सव की भूमिका पर प्रकाश डाला। आईआईटी कानपुर के टेककृति 2025 के शुभारंभ के  मौके पर मुख्य अतिथि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कहा कि भारत के सैन्य बलों की सबसे बड़ी ताकत ऊंचा नौतिक बल, कुशल प्रशिक्षण और राणनीतिक कौशल है। चीन की सेना हमसे तकनीकी में जितना आगे है, वहां उतना ही भ्रष्टाचार है। चीनी सेना पीएलए के कई उच्च अधिकारियों को भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया है।
मेजर जनरल डॉ. बी. नागराजन और जनरल अनिल चौहान की फायरसाइड चैट ने रक्षा प्रौद्योगिकी के उभरते परिदृश्य और भविष्य के लिए इसके निहितार्थों के बारे में विचारोत्तेजक जानकारी प्रदान की। 

इसके बाद दर्शकों को अनुज अर्जुन डांस कंपनी द्वारा एक शानदार सांस्कृतिक प्रदर्शन देखने को मिली। चिनांशा शर्मा के भावपूर्ण संगीत के साथ मंच जीवंत हो उठा। उसके बाद केसी प्रोजेक्ट के उच्च-ऊर्जा वाले अभिनय ने सभी उपस्थित लोगों के लिए एक विद्युतीकरण वातावरण निर्मित किया।
समारोह रॉक नाइट के साथ अपने चरम पर पहुंच गया, जहां मयंक और उनके बैंड ने अपने शक्तिशाली और भावपूर्ण प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।