December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
चकेरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। परिजन उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ने बताया कि पूरा परिवार साथ में खाना खा रहा था। अचानक खाना छोड़ कर बेटा छत की ओर भागने लगा। जब तक घर के लोग पहुंचे तब तक बेटा कूद गया था।
घाऊखेड़ा निवासी नीरज कुमार ने बताया कि वह संजय चौरिसया के मकान में पत्नी सुनीता और तीन बेटे जतिन, सुमित, शिवम के साथ किराए पर रहते हैं। सुमित डेकोरेशन का काम करता था।  

सुमित मां के लिए करवाचौथ की पूजा का सामान खरीद कर लाया। पूजा करने के बाद पूरा परिवार साथ बैठ कर खाना खा रहा था, तभी सुमित खाना छोड़ कर अचानक छत की ओर भागा। वह उसके पीछे जाने लगे, तभी उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। परिजन उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि वह करीब 3 महीने से परेशान चल रहा था, लेकिन किसी को कोई बात नहीं बताता था। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक नशे का आदी था। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।