March 28, 2026

संवाददाता 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के पर्यावरण विज्ञान विभाग, स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज द्वारा विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस वर्ष विश्व जल दिवस की थीम “पानी और जेंडर” रही। इस अवसर पर आयोजित व्याख्यान का विषय “अदृश्य संसाधन का प्रबंधन – सतत जल भविष्य के लिए सहभागी भूमिगत जल प्रबंधन” था। 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. बसंत महेश्वरी, प्रतिष्ठित प्रोफेसर, वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया एवं डायरेक्टर, ऑस्ट्रेलिया-इंडिया वाटर सेंटर रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में भूजल प्रबंधन, जल संरक्षण, सामुदायिक भागीदारी, मारवी प्रोजेक्ट एवं भूजल जानकारों की उपयोगिता के बारे में तथा सतत जल भविष्य के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भूजल एक अदृश्य लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण संसाधन है, जिसके संरक्षण के लिए जन भागीदारी बहुत आवश्यक है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक रहे। संरक्षक के रूप में प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी प्रो-वीसी उपस्थित रहे। सह-संरक्षक के रूप में प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी, प्रो. अंशु यादव एवं डॉ. श्याम मिश्रा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। 

इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-4 द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। 

कार्यक्रम की आयोजन अध्यक्ष डॉ. अंजू दीक्षित  एवं संयोजक डॉ. द्रौपती यादव, सहायक प्रोफेसर एवं एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. इंद्रेश शुक्ला, डॉ. प्रबल प्रताप, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।